शिमला-:शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज जुब्बल के कठासू निवासी युवा पर्वतारोही सचिन गांगटा को पर्वतारोहण के क्षेत्र में उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। उन्होंने सचिन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि सचिन गांगटा जैसे युवा अपनी मेहनत,लगन और दृढ़ संकल्प से प्रदेश और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।उनकी उपलब्धियां युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए चिंता का विषय है।ऐसे में सचिन जैसे युवाओं की उपलब्धियां सकारात्मक सोच,साहस और इच्छाशक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण हैं।उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को खेल,शिक्षा,साहसिक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि जीवन में सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।उल्लेखनीय है कि पर्वतारोही सचिन गांगटा और उनकी टीम ने सितंबर 2026 में लद्दाख के दुर्गम चांगथांग क्षेत्र में ‘प्रोजेक्ट चांगथांग’ के तहत मात्र 21 दिनों में 6,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली 25 चोटियों का सफल आरोहण कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। 10 से 30 सितंबर तक चले इस अभियान में सचिन ने अपने गाइड एवं पर्वतारोहण साथी पद्मा नामग्याल के साथ 200 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की। अभियान के दौरान 16 दिन पर्वतारोहण में व्यतीत किए गए और 18,000 मीटर से अधिक की संचयी ऊंचाई हासिल की गई।अभियान के दौरान टीम ने 6,405 मीटर ऊंची चालुंग नॉर्थ चोटी सहित पोलागोना और स्पांगनाक कांगरी नॉर्थ जैसी चुनौतीपूर्ण चोटियों पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराया। सचिन ने अपनी जन्मतिथि 25 फरवरी से प्रेरित होकर 25 चोटियों पर चढ़ाई करने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इस उपलब्धि को आधिकारिक मान्यता और सत्यापन के लिए इंडिया वर्ल्ड रिकॉर्ड्स सहित अन्य रिकॉर्ड संस्थाओं के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
सचिन गांगटा को पर्वतारोहण के क्षेत्र में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है।वे‘हिमालयन जिप्सी’के संस्थापक हैं और TrekYaari से भी जुड़े हुए हैं।अब तक वे 6,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली 41 चोटियों और 7,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली एक चोटी का सफल आरोहण कर चुके हैं।उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों में नुन चोटी का आरोहण भी शामिल है।शिक्षा मंत्री ने कहा कि सचिन गांगटा की सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियों में भी अनुशासन,आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सचिन भविष्य में भी पर्वतारोहण के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर हिमाचल प्रदेश और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।
