शिमला,संजू-:क्रिसमस और न्यू ईयर के जश्न को यादगार बनाने के लिए शिमला में इस बार विंटर कार्निवाल को नए अंदाज में आयोजित किया जाएगा।25 से 31 दिसंबर तक चलने वाले इस सात दिवसीय उत्सव में इस बार पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पहले से ज्यादा मनोरंजन के अवसर मिलेंगे।नगर निगम ने कार्निवाल का विस्तार करते हुए संजौली और कसुम्पटी को भी आयोजन का हिस्सा बनाने का फैसला लिया है। इससे शहर के अलग-अलग इलाकों में उत्सव की रौनक देखने को मिलेगी और स्थानीय कारोबारियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
शिमला विंटर कार्निवाल को भव्य रूप देने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं।इसी कड़ी में महापौर सुरेंद्र चौहान ने निगम आयुक्त, संयुक्त आयुक्त और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की।बैठक में पिछले साल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सामने आई खामियों को दूर करने और इस बार बेहतर इंतजाम करने पर जोर दिया गया।महापौर के अनुसार, इस बार कार्निवाल की गतिविधियां केवल मालरोड और रिज मैदान तक सीमित नहीं रहेंगी। संजौली और कसुम्पटी में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कसुम्पटी स्थित एसडीए कॉम्प्लेक्स की पार्किंग के ऊपरी फ्लोर पर स्टॉल लगाए जाएंगे, जबकि संजौली ग्राउंड में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इससे इन क्षेत्रों के लोगों को अपने आसपास ही उत्सव का आनंद लेने का मौका मिलेगा।कार्निवाल के सफल आयोजन के लिए फंड जुटाने, स्टॉल आवंटन, दुकानों की व्यवस्था, महानाटी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संचालन को लेकर भी योजना तैयार की जा रही है। व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए पुलिस और संबंधित विभागों के साथ अलग से बैठक होगी। वहीं, कर्मचारियों और पार्षदों की कमेटियां गठित कर उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।इस बार स्थानीय प्रतिभाओं को भी विशेष तवज्जो दी जाएगी। हिमाचली और पहाड़ी कलाकारों को मंच पर अधिक समय मिलेगा। बॉलीवुड और पंजाबी कलाकारों के चयन के लिए सोशल मीडिया पर युवाओं से सुझाव मांगे जाएंगे, ताकि लोगों की पसंद और बजट के अनुसार कलाकारों को आमंत्रित किया जा सके।
