कुरुक्षेत्र, 28 फरवरी-:कुरुक्षेत्र के लाडवा अनाज मंडी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय कृषि विकास मेले का शुभारंभ किया। उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और किसानों से सीधा संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते मौसम, घटते भूजल स्तर और अनियमित वर्षा के कारण कृषि क्षेत्र गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में जल संरक्षण पर विशेष ध्यान देना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि आज हम पानी बचाने के प्रयास नहीं करेंगे तो आने वाली पीढ़ियां हमें माफ नहीं करेंगी।मेले की थीम ‘प्रति बूंद से अधिक फसल’ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पानी असीमित संसाधन नहीं है, इसलिए हमें अपनी सोच में बदलाव लाना होगा। आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर कम पानी में अधिक उत्पादन की दिशा में काम करना समय की मांग है।उन्होंने विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों से आह्वान किया कि उनका शोध केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित न रहे, बल्कि हर खेत और हर किसान तक पहुंचे। किसान और वैज्ञानिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित होना चाहिए ताकि कृषि को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सके।इस कृषि विकास मेले में 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, मिट्टी व पानी की जांच, रोगग्रस्त फसलों का निदान, फसल प्रतियोगिता और विशेषज्ञों की सलाह जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह मेला किसानों के लिए ज्ञान, नवाचार और प्रेरणा का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।
