मंडी,धर्मवीर ( TSN)-मंडी जिला में 9 नई उचित मूल्य की नई दुकाने खुलने जा रही हैं। यह दुकाने उन पंचायतों में खुलेंगी जहां या तो उपभोक्तओं की संख्या ज्यादा है या उपभोक्ताओं को 2 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय राशन लाना पड़ रहा है। इन पंचायतों से मिले प्रस्तावों के बाद विभाग ने आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक आवेदक आगामी 10 फरवरी तक ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं।
जिला नियंत्रक विजय सिंह हमलाल ने बताया कि वर्तमान समय में मंडी जिला में 847 उचित मूल्य की दुकानें संचालित की जा रही है। इसके अलावा 9 और पंचायतों में नई उचित मूल्य की दुकाने खोलने के प्रस्ताव विभाग के पास पहुंचे हैं। सदर विकास खंड के निचती सुराड़ी, बालीचौकी के रेहकूलधार व बांधी, द्रंग के अप्पर बनेहड़, गोपालपुर के मनवाणा व तरंडोल, गोहर के गुढार, धर्मपुर के दलौट और विकास खंड बल्ह के तहत पड़ने वाले डोह गांव में उचित मूल्य की यह दुकानें खुलने जा रही हैं। आवेदकों के लिए न्यनतम योग्यता दसवीं पास रखी गई है। विभाग द्वारा तय नियमों के आधार पर श्रेणी अनुसार पंचायत, स्वयं सहायता समूह, सहकारी सभाएं, एकल विधवा नारी, दिव्यांगजन, पूर्व सैनिक व शिक्षित बेरोजगार को प्राथामिकता दी जाएगी।
इमरजिंग हिमाचल की वेबसाइट पर करें ऑनलाइन आवेदन, न्यूनतम योग्यता दसवीं पास
वहीं जिला नियंत्रक विजय सिंह हमलाल ने बताया कि इच्छुक आवेदक उद्योग विभाग की इमरजिंग वेबसाइट ( https://emerginghimachal.hp. gov.in/ ) पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन किसी का भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं उन्होंने कहा कि सभी दस्तावेजों के साथ दसवीं कक्षा का सर्टिफिकेट अपलोड करना अति अनिवार्य है। दसवीं के सर्टिफिकेट के आधार पर ही मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। जिसके बाद अप्रैल माह से उचित मूल्य की इन दुकानों में उपभोक्ताओं को राशन मिलना शुरू हो जाएगा।
