Chandigarh, 18 January-:कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के हरियाणा दौरे से पहले प्रदेश कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने प्रदेश के 20 जिलों की जिला कांग्रेस कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए कुल 30 नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। हरियाणा में कुल 32 जिला कांग्रेस कार्यकारिणियां हैं, जिनमें से अब 12 जिलों की सूची जारी होना अभी बाकी है।
यह संगठनात्मक विस्तार हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के निर्देश पर किया गया है। जारी सूची के अनुसार प्रत्येक जिले में चार उपाध्यक्षों सहित एक महासचिव (संगठन), एक कोषाध्यक्ष, आठ महासचिव और 16 सचिवों की नियुक्ति की गई है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इससे संगठनात्मक ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।राहुल गांधी के प्रस्तावित हरियाणा दौरे को देखते हुए इस विस्तार को अहम माना जा रहा है। कांग्रेस हाईकमान पहले ही जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पूरी कर चुका है और अब कार्यकारिणी विस्तार के जरिए संगठन को पूरी तरह सक्रिय करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।राहुल गांधी 21 जनवरी को कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे, जहां वे जिला कांग्रेस अध्यक्षों के लिए आयोजित विशेष प्रशिक्षण सत्र में भाग लेंगे। यह प्रशिक्षण शिविर 23 जनवरी तक चलेगा, जिसमें हरियाणा और उत्तराखंड के जिला अध्यक्ष शामिल होंगे। राहुल गांधी 21 जनवरी को दोपहर 12 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे और करीब पांच घंटे तक प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रशिक्षण शिविर में संगठनात्मक मजबूती, चुनावी रणनीति, जनसंपर्क और बूथ स्तर पर कार्य को प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि इस कवायद से पार्टी को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी चुनावों की तैयारियों को गति मिलेगी।
