Faridabad, 18 January-:फरीदाबाद में कांग्रेस के पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्र प्रताप और उनके बेटे, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विजय प्रताप के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा की गई लंबी जांच के बाद अब विजय प्रताप ने पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने मीडिया के सामने ED की कार्रवाई से जुड़ी सभी अहम जानकारियां साझा कीं।
विजय प्रताप ने बताया कि ED की टीम उनके घर पर करीब 15 घंटे तक मौजूद रही। जांच के दौरान अधिकारियों ने केवल पियूष नामक व्यक्ति के साथ किए गए कोलैबोरेशन से जुड़े दस्तावेजों की ही पड़ताल की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस जांच के दायरे में कोई अन्य लेन-देन या अलग तरह के कागजात शामिल नहीं थे। ED की टीम उन्हीं दस्तावेजों को अपने साथ लेकर गई, जो पियूष से संबंधित थे। इसके अलावा किसी भी अन्य फाइल, संपत्ति या दस्तावेज को जब्त नहीं किया गया।वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने यह भी साफ किया कि वे इस कार्रवाई को किसी राजनीतिक साजिश के रूप में नहीं देख रहे हैं। हालांकि, उन्होंने बिना पूर्व नोटिस के की गई जांच पर नाराजगी जरूर जताई। विजय प्रताप ने कहा कि किसी भी जांच एजेंसी को अचानक इस तरह घर पर कार्रवाई करने के बजाय पहले नोटिस जारी करना चाहिए था। उनके अनुसार, बिना सूचना के हुई यह जांच दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे अनावश्यक तनाव पैदा होता है।
विजय प्रताप ने कहा कि इतनी लंबी कार्रवाई के बावजूद उनका मनोबल नहीं टूटा है और न ही वह दबाव में आने वाले हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जांच के दौरान उन्होंने और उनके परिवार के सभी सदस्यों ने ED अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया। जो भी दस्तावेज मांगे गए, उन्हें तुरंत उपलब्ध कराया गया।उन्होंने ED अधिकारियों के व्यवहार की भी सराहना करते हुए कहा कि अधिकारी पूरी तरह सहयोगी रहे, किसी को परेशान नहीं किया गया और परिवार के सदस्यों से शालीनता के साथ बातचीत कर आवश्यक जानकारी ली गई।
