Shimla,22 September-हिमाचल प्रदेश में आपदा की मार झेल रहे लोगों की मदद के लिए अब बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा भी आगे आई हैं। शिमला से संबंध रखने वाली प्रीति जिंटा ने अपनी आइपीएल टीम पंजाब किंग्स की ओर से 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भेजी है। यह राशि कुल्लू और मंडी जिले के प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए दी गई है।
यह मदद शिमला के समाजसेवी सर्वजीत सिंह बॉबी की संस्था के माध्यम से भेजी गई है।बॉबी ने प्रीति जिंटा का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि “मेरी बहन प्रीति जिंटा ने कुल्लू और मंडी जिले में राहत कार्यों के लिए हमें 30 लाख रुपये का सहयोग दिया है।उन्होंने कहा कि आपदा से सबसे अधिक प्रभावित कुल्लू जिले के बंजार,सैंज और अन्य गांवों में सहायता पहुंचाई जाएगी। साथ ही बताया कि संस्था की ओर से पहले 50 लाख की मदद की घोषणा की गई थी,जिसे प्रीति जिंटा के योगदान से बढ़ाकर अब एक करोड़ रुपये कर दिया गया है।
