राहुल चावला,धर्मशाला(TSN)-धर्मशाला में खराब मौसम के चलते दो दिन बाद शनिवार से पुलिस ग्राउंड में हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल की भर्ती शुरू हुई.आज सुबह सात बजे से ही भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का पुलिस ग्राउंड में पहुंचना शुरू हो गया था।आज की भर्ती में 2250 अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान अभ्यर्थियों को अलग अलग परीक्षणों से गुजरना पड़ रहा है।
भर्ती में विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए वीडियोग्राफी भी की जा रही
इस अवसर SSP कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने पुलिस ग्राउंड में पत्रकारों के माध्यम से अपील की कि आगामी भर्ती में अभ्यर्थी ध्यान रखें कि भर्ती अपने निर्धारित समय सात बजे आरम्भ हो जाएगी। इसलिए सभी अभ्यर्थी सुबह छह बजे पुलिस ग्राउंड में पहुंचकर भर्ती से सम्बन्धित कार्रवाई को पूरा करवा लें।जिससे भर्ती प्रभावित नहीं हो।SSP शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि भर्ती के दौरान अभ्यर्थी को ग्राउंड में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं है।इतना ही नहीं अभ्यर्थी के साथ आने वाले अभिभावक और मित्रों को भी ग्राउंड में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है।भर्ती में विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए बाकायदा वीडियोग्राफी भी की जा रही है।SSP अग्निहोत्री ने कहा कि खराब मौसम के कारण 20 फरवरी को होने वाली भर्ती स्थगित कर दी गई थी, जो अब 7 मार्च होगी तथा 21 फरवरी को स्थगित हुई भर्ती अब 8 मार्च को होगी।
पुलिस कांस्टेबल के 1088 पदों के लिए हो रही भर्ती
बता दें कि हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल के 1088 पदों के लिए आज से शुरू हुई भर्ती के लिए जिला कांगड़ा में करीब 31 हज़ार युवा पुलिस मैदान धर्मशाला में दमखम दिखाएंगे। पुलिस मैदान धर्मशाला में आज सुबह 7 बजे से ही लगभग 2250 युवा भर्ती में प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं।उम्मीदवारों को अपने साथ एडमिट कार्ड व फॉटोकॉपी सहित सभी दस्तावेजों की मूल प्रति,दो फोटोग्राफ लाने होंगे।शारीरिक और मैदानी परीक्षा के दौरान विभिन्न कार्यों सहित व्यवस्था का जिम्मा सभांलने वाले अधिकारियों व जवानों की ड्यूटियां लगाई गई हैं।पुलिस विभाग कांगड़ा नोर्दन रेंज के तहत आने वाले उम्मीदवारों को लोक सेवा आयोग की ओर से पहले ही ई-प्रवेश पत्र जारी किए जा चुके हैं।
