Dharamshala,29 September-पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं विधायक आरएस बाली ने होटल डील को लेकर लगाए जा रहे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। बाली ने विपक्ष पर तथ्यों से परे राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि आरोप लगाने वाले सार्वजनिक माफी नहीं मांगते, तो वे मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।
धर्मशाला में प्रेस वार्ता के दौरान बाली ने बताया कि पालमपुर स्थित निजी होटल को 24 करोड़ रुपये में खरीदा गया। इसमें 18 करोड़ का लोन सेंट्रल बैंक से लिया गया जबकि 6 करोड़ का भुगतान सीधे बैंक खाते से किया गया। पूरा सौदा चेक और डिमांड ड्राफ्ट के जरिए पारदर्शी तरीके से हुआ।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ओटीएस स्कीम केवल उनके लिए नहीं थी,बल्कि 2022 की आरबीआई गाइडलाइन के तहत पिछली सरकार के समय भी अन्य लोगों ने इसका लाभ उठाया था। होटल मालिक पहले ही 23.55 करोड़ का लोन ले चुके थे और 33.63 करोड़ बैंक को चुका चुके थे।ओटीएस के तहत नवंबर 2022 में 2.20 करोड़ रुपये जमा कराए गए।बाली ने यह भी कहा कि उनकी पत्नी ने समाचार पत्र में विज्ञापन देखने के बाद ईमेल के जरिए होटल मालिकों से संपर्क किया था। सोशल मीडिया पर उनकी पत्नी और बहन को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों को उन्होंने राजनीतिक साजिश करार दिया।
