चंडीगढ़, 8 मार्च – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जींद जिले के सफीदों में रंग-गुलाल बनाने वाली फैक्ट्री में हुए दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, हादसे में घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को 2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनके इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घटना की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें।
