करनाल, 8 मार्च-:करनाल में डॉक्टर और पुलिस के बीच हुए विवाद ने पिछले दो दिनों से पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ था। अब इस मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घरौंडा थाने में तैनात 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इससे पहले थाना प्रभारी दीपक कुमार को भी सस्पेंड किया जा चुका था। इस तरह इस मामले में अब तक कुल 7 पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है।
यह फैसला करनाल के उपायुक्त उत्तम सिंह और डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद लिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है।
हड़ताल खत्म, OPD सेवाएं फिर शुरू
डॉक्टरों ने शनिवार से प्रदेशभर में ओपीडी सेवाएं बंद कर दी थीं, जिससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अब हड़ताल समाप्त होने के बाद सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं दोबारा शुरू हो गई हैं, जिससे मरीजों को राहत मिली है।
कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट नहीं डॉक्टर
हालांकि हड़ताल समाप्त करने के बावजूद डॉक्टरों में नाराज़गी बनी हुई है। प्रेस वार्ता के दौरान डॉक्टरों ने कहा कि पुलिस प्रशासन की कार्रवाई उन्हें अधूरी और ढीली लगती है। डॉक्टरों का कहना है कि इस मामले में और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए थी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
अदालत जाने की तैयारी
डॉक्टरों ने यह भी स्पष्ट किया कि वे इस मामले को यहीं खत्म नहीं मानते। डॉक्टर प्रशांत से जुड़े इस विवाद को लेकर डॉक्टर अब अदालत का दरवाज़ा खटखटाने की तैयारी कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि वे न्यायिक हस्तक्षेप के लिए अदालत में याचिका दायर करेंगे।
पूरे प्रदेश में पड़ा था असर
करनाल से शुरू हुआ यह विवाद जल्द ही पूरे हरियाणा में फैल गया था। डॉक्टरों के समर्थन में प्रदेशभर के अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं बंद कर दी गई थीं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई थीं। अब हड़ताल समाप्त होने के बाद प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं।
