मंडी,धर्मवीर(TSN)-छोटी काशी मंडी में महाशिवरात्रि पर्व की खासी धूम देखने को मिल रही है।बता दें कि मंडी में शिवरात्रि का अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव मनाया जाता है जिसका विधिवत शुभारंभ कल सीएम द्वारा किया जाएगा।उससे पहले आज डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने प्राचीन परंपराओं का निर्वहन किया।उन्होंने राज माधव राय मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद हवन किया और उपरांत इसके टारना स्थित देव कमरूनाग के पास जाकर विधिवत पूजा अर्चना की।इसके बाद राज माधव राय मंदिर से लघु जलेब यानी शोभायात्रा निकाली गई।
तीन देवरथों ने की लघु जलेब में शिरकत,पुलिस और होमगार्ड के जवान भी हुए शामिल
इस शोभायात्रा में तीन देवरथों सहित पुलिस बैंड,पुलिस और होमगार्ड की टुकड़ियों ने भाग लिया। राज माधव राय मंदिर से पूरे गाजे-बाजे के साथ यह जलेब बाबा भूतनाथ मंदिर तक आई जहां डीसी मंडी ने बाबा भूतनाथ की विधिवत पूजा अर्चना करके यहां हवन यज्ञ में पूर्णाहूति डाली।डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि उन्होंने प्रशासन की तरफ से सभी के लिए मंगलकामना की है ताकि जिला में खुशहाली बनी रहे।उन्होंने बताया कि कल सीएम सुखविंदर सिंह ठाकुर दोहपर बाद मंडी आकर 7 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे।
डीसी मंडी ने राज माधव मंदिर के बाद बाबा भूतनाथ मंदिर में जाकर की पूजा अर्चना
वहीं,मंडी के शिवालयों में शिवरात्रि को लेकर भक्तों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली।बाबा भूतनाथ के दर्शनों के लिए भक्त सुबह से ही लाइनों में खड़े होकर अपनी बारी के इंतजार में नजर आए।स्थानीय निवासी वीरेंद्र शर्मा और शालिग राम ने बताया कि छोटी काशी का शिवरात्रि महोत्सव बाकी महोत्सवों से भिन्न है क्योंकि यहां एक अदभूत देव समागम होता है जिसमें एक साथ सैंकड़ों देवी-देवताओं के दर्शनों और उनके आशीवार्द का मौका मिलता है।इन्होंने बताया कि मंडी वासियों को वर्ष भर शिवरात्रि महोत्सव का बेसब्री से इंतजार रहता है।
