लुधियाना-:स्कूली छात्राओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से IMC Foundation ने लुधियाना जिला प्रशासन के माध्यम से छात्राओं के लिए 64,000 सैनिटरी पैड्स का योगदान किया। Foundation की ओर से कुल 8,000 पैक्स IMC सैनिटरी नैपकिन, जिनमें 64,000 सैनिटरी पैड्स शामिल हैं,लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन के कार्यालय को प्रदान किए गए।यह पहल उन छात्राओं तक आवश्यक मासिक धर्म स्वच्छता सामग्री पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिन्हें संसाधनों की कमी के कारण कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण सैनिटरी उत्पाद उपलब्ध होने से छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ नियमित रूप से विद्यालय जाने और अपनी पढ़ाई जारी रखने में सहायता मिलेगी।
IMC Foundation स्वास्थ्य, शिक्षा,स्वच्छता और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए लगातार कार्य कर रहा है। Foundation का मानना है कि बालिकाओं को स्वस्थ, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध करवाना समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।इस अवसर पर IMC Foundation के Patron श्री सत्यन भाटिया ने कहा कि मासिक धर्म स्वच्छता को केवल स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकता के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह बालिकाओं की गरिमा, आत्मविश्वास, शिक्षा और सशक्तिकरण से सीधे जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्रा को मासिक धर्म के दौरान आवश्यक स्वच्छता सामग्री के अभाव में अपनी शिक्षा से समझौता नहीं करना चाहिए।उन्होंने कहा कि Foundation का उद्देश्य ऐसे प्रयासों के माध्यम से जरूरतमंद छात्राओं को सहयोग देना और समाज में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है। प्रत्येक बालिका को सामाजिक या आर्थिक पृष्ठभूमि की परवाह किए बिना आवश्यक स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध होना उसका अधिकार है।IMC Foundation ने इस पहल के लिए लुधियाना जिला प्रशासन और डिप्टी कमिश्नर श्री हिमांशु जैन के सहयोग एवं समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया। Foundation ने उम्मीद जताई कि इस प्रकार के सामूहिक प्रयास छात्राओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मविश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
