दिल्ली, 8 मार्च -:पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने रविवार को पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा में भाग लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर और अन्य नेताओं के साथ उन्होंने उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।
सभा को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में एक ओर संवैधानिक पदों का विरोध किया जाता है, जबकि दूसरी ओर घुसपैठियों और माफिया तत्वों को संरक्षण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य की अस्मिता और संसाधनों की रक्षा के लिए टीएमसी सरकार का जाना और भाजपा सरकार का आना आवश्यक है।अनुराग ठाकुर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव बंगाल की संस्कृति, स्वाभिमान और भविष्य की दिशा तय करने वाला चुनाव होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से राज्य में बांग्लादेशी घुसपैठ जारी है और विभिन्न राजनीतिक दलों ने इसे वोट बैंक की राजनीति के लिए बढ़ावा दिया है।उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि टीएमसी के कई मंत्री और नेता विभिन्न मामलों में जांच का सामना कर रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि राज्य में उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ाने की बजाय भ्रष्टाचार और कट-मनी की संस्कृति को बढ़ावा दिया गया है।
अनुराग ठाकुर ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी राज्य सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता का माहौल है। उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों में बंगाल ने कुशासन का दौर देखा है और अब राज्य को विकास और सुशासन की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि यदि बंगाल को सुशासन के दो दशक मिलते हैं तो राज्य देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल हो सकता है। ठाकुर ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बंगाल के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है।सभा के दौरान भाजपा नेताओं ने परिवर्तन यात्रा को बंगाल में राजनीतिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण अभियान बताया और आगामी चुनावों में भाजपा को समर्थन देने की अपील की।
