शिमला : चन्द्रिका ( TSN)-नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर रोहड़ू मंडल में आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन में शामिल हुए, जहां काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए. उन्होंने कहा कि रोहड़ू वाले भी इस राष्ट्र निर्माण के इस समर्पण में अपना पूरा सहयोग दें क्योंकि जिस नेता के नाम पर आप लोग कांग्रेस के साथ खड़े रहे, उस नेता के प्रति अब कांग्रेस में भाव नहीं हैं। यह साफ़-साफ़ दिखाई दे रहा है। अपनी सरकार में कांग्रेस को हिमाचल में स्थापित करने वाले नेता को भी दो गज़ ज़मीन नहीं मिली। उन्होंने रोहड़ूवासियों से निवेदन किया कि सुरेश कश्यप को इस बार रोहड़ू से ऐतिहासिक बढ़त दिलाने में सहयोग करें।
आपदा में कांग्रेस की चिट्ठी लाने वाले को ही मिली राहत राशि
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर ह*मला करते हुए कहा कि प्रदेश में दुःख की सरकार चल रही है। आपदा में कांग्रेस की चिट्ठी लाने वाले को ही राहत राशि मिली। जो कांग्रेस के नेताओं के संपर्क में नहीं हैं उन्हें एक पैसा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि आपदा से रोहड़ू में नुक़सान हुआ। सरकार राहत नहीं दे पाई है। जहां भी जन-धन की क्षति हुई वहां मैं निजी तौर पर भी गया। बाग, घर, पशुशाला सबका नुक़सान हुआ लेकिन राहत नहीं मिल पाई। झूठ बोलकर देवभूमि के लोगों से साथ जो छल किया है, वह पाप है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में हज़ारों की संख्या में चले हुए संस्थान बंद कर दिये। उन्होंने कहा कि हमने बिना कोई गारंटी दिए महिलाओं का किराया आधा किया, बिजली और पानी का बिल माफ़ लिया। हिमकेयर से पांच लाख का निःशुल्क इलाज दिया, सहारा योजना दी, दुःख इस बात का है यह गारंटी देने वाली सरकार ने यह सुविधाएं बंद कर दी है। कांग्रेस इसी तालाबंदी को विकास कह रही है। अब हिमाचल के लोगों की बारी हैं ऐसी सरकार और ऐसे लोगों की तालाबंदी करें। सड़कों का काम रुका पड़ा है। अस्पताल का काम रुका पड़ा है। स्कूल का काम रुका पड़ा है। हिमकेयर से इलाज रुक गया है। सहारा की पेंशन रुक गई है। आज तक सरकार प्रदेश को आगे ले जाने के लिए काम करती थी यह पहली सरकार है जो प्रदेश को पीछे ले जा रही है। इस दौरान भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर 25 लोगों ने पार्टी का दामन थामा। नेता प्रतिपक्ष ने सभी को पटका पहना कर स्वागत किया।
