मंडी : धर्मवीर ( TSN)– जल जीवन मिशन यानी हर घर में नल। नल तो लगे लेकिन इस योजना के तहत आबंटित पाइपें रेलिंग लगाने के काम भी आ रही हैं। यह हैरतंगेज मामला सामने आया है मंडी जिला के धर्मपुर उपमंडल के तहत आने वाले कलस्वाई गांव में। यहां एक व्यक्ति ने सरकारी पानी की योजना में इस्तेमाल होने वाली पाइपों से अपने घर की रेलिंग ही बना डाली। विजिलेंस को जब इस बारे में गुप्त सूचना प्राप्त हुई तो टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
बता दें कि व्यक्ति ने अपने घर पर डेढ़ इंच, एक इंच और आधा इंच की करीब 40 मीटर सरकारी पाइपों से रेलिंग लगा रखी थी। प्रारंभिक जांच में विजिलेंस ने चोरी का मामला दर्ज किया है और ऐसा माना जा रहा है कि इन पाइपों को चुराकर इस तरह से इस्तेमाल किया गया है लेकिन विजिलेंस इसमें कहीं न कहीं विभागीय संलिप्तता को भी नकार नहीं रहा है और उस नजरिए से भी मामले की जांच की जा रही है। विजिलेंस की टीम अब मामला दर्ज करने के बाद यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि व्यक्ति ने यह पाइपें चुराई थी या फिर किसी विभागीय अधिकारी की मिली भग्त से इन्हें हथियाकर इस्तेमाल किया था। वहीं, डीएसपी विजिलेंस प्रियंक गुप्ता ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई जा रही है। तथ्यों के अनुसार जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। विभागीय संलिप्तता को लेकर भी जांच पड़ताल की जाएगी।
पूर्व जल शक्ति मंत्री का गृहक्षेत्र है धर्मपुर
बता दें कि पूर्व प्रदेश सरकार में कद्दावर जल शक्ति मंत्री रहे महेंद्र सिंह ठाकुर धर्मपुर क्षेत्र से संबंध रखते हैं। बतौर मंत्री उन्होंने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत वो कार्य कर दिए जो शायद कई दशकों तक नहीं हो सकते थे। यहां जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक नल तो पहुंचा ही साथ ही ऐसी-ऐसी योजनाएं बना दी जो कई दशकों तक लोगों को पानी उपलब्ध करवाती रहेंगी। लेकिन उस वक्त विपक्ष में रहते कांग्रेसियों ने यहां पर बंदरबांट के भी कई आरोप लगाए थे।
