मंडी, धर्मवीर ( TSN)- जिस स्कूल में खुद की बेटी पढ़ती है उसी स्कूल की छात्राओं के साथ शिक्षक ने छेड़छाड़ कर दी। यह चौंकाने वाला मामला मंडी जिला के धर्मपुर उपमंडल के तहत आने वाले भराड़ी सजाओपिपलू स्कूल का है। स्कूल में बतौर शास्त्री अध्यापक तैनात संजीव कुमार पर स्कूल की ही कुछ छात्राओं ने छेड़छाड़ करने और फोन पर अ.श्लील बातें करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इन छात्राओं के पास शिक्षक की अ.श्लील बातों की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। जब शिक्षक अपनी हदें पार करने लगा तो इन छात्राओं ने स्कूल के प्रधानाचार्य भोलादत्त कश्यप को सारी बात बताई। प्रधानाचार्य ने तुरंत प्रभाव से स्कूल की यौ.न उत्पीड़न कमेटी को मामला सौंपा और इस कमेटी के समक्ष भी छात्राओं ने अपनी बात रखी और कॉल रिकार्डिंग सुनाई।
छात्राओं ने अपने बयान में बताया कि शिक्षक कॉपी चेक करने के बहाने उनके साथ छेड़छाड़ और फोन पर अश्लील बातें करता है। इसके बाद यौन उत्पीड़न कमेटी ने पुलिस को इसकी शिकायत दी। पुलिस ने तुरंत प्रभाव से स्कूल पहुंचकर छात्राओं के बयान कलमबद्ध किए। लेकिन पुलिस के स्कूल पहुंचने से पहले ही आरोपी शिक्षक यहां से फरार हो चुका था। डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, शिक्षा विभाग ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को सस्पेंड कर दिया है। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक मंडी वियज गुप्ता ने शिक्षक को सस्पेंड करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शिक्षक के खिलाफ विभागीय जांच भी बैठाई जाएगी।
खुद इसी स्कूल में पढ़ती है आरोपी की बेटी
हैरान करने वाली बात यह भी है कि जिस शिक्षक पर छात्राओं ने छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं खुद उसकी बेटी इसी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा है। आरोपी का बेटा भी इसी स्कूल में 8वीं कक्षा का छात्र है। लोगों में इस बात को लेकर चर्चा है कि अपनी बेटी जैसी छात्राओं के साथ शिक्षक ने इस तरह का घिनौना कार्य करने की कैसे सोच ली। क्षेत्र के लोगों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
