बिलासपुर, सुभाष ठाकुर ( TSN)-गत दिवस जिला बिलासपुर के घुमारवीं में कश्मीरी मुस्लिम वर्ग के साथ कुछ लोगों द्वारा दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें हिमाचल से निकल जाने का फरमान सुनाया गया। मारपीट के साथ-साथ यहां से निकल जाने के लिए कहा गया। इस सारे प्रकरण का जिला बिलासपुर के मुस्लिम एवं सामाजिक संगठनों ने कड़े शब्दों से निंदा की है।
असामाजिक तत्वों को जल्द गिरफ्तार किया जाए
जामा मस्जिद जिला बिलासपुर के प्रधान हारुन मोहम्मद , द ऑल हिमाचल मुस्लिम आर्गेनाइजेशन के राज्य महासचिव मोहम्मद रफी एवं सर्व धर्म समभाव राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुस्ताक अहमद ने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्व जो सांप्रदायिक माहौल खराब कर रहे हैं,उनके खिलाफ जिला पुलिस प्रशासन एवं हिमाचल प्रदेश सरकार कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें।वहीं पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के देहांत होने के कारण रैली को दो दिन के लिए स्थगित किया गया है। हारुन मोहम्मद,मोहम्मद रफी , मुस्ताक अहमद , नंद लाल परमार ने पुलिस अधीक्षक आईपीएस संदीप धवल से मांग कि है कि घुमारवीं में कश्मीरी मुस्लिम लोगों को प्रताड़ित एवं मारपीट करने वाले असामाजिक तत्वों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
उपरोक्त सभी संस्थाओं के पदाधिकारीयों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह किया है कि जान बूझकर कश्मीर से आए मुस्लिम वर्ग को घूमारवीं में जो प्रताड़ित किया जा रहा है और कश्मीरी कहकर यहां से बाहर निकल जाने के लिए कहा जाता है ऐसे लोगों पर कड़ी लगाम कसी जाए। कश्मीर से संबंधित मुस्ताक अहमद ने कहा कि जम्मू कश्मीर भारत का है और हम भारतीय हैं । भारतीय कानून के अनुसार कोई भी भारतीय किसी भी प्रदेश में अपने रोजी-रोटी कमाने के लिए आ जा सकता है एवं व्यापार कर सकता है।
