Ambala, 25 December-:अंबाला में आज सीजन की अब तक की सबसे घनी धुंध देखने को मिली। धुंध इतनी ज्यादा रही कि शहर के कई इलाकों में विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई। घनी धुंध के चलते सड़कों पर वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी पड़ गई और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जहां एक दिन पहले धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई थी, वहीं आज फिर मौसम ने करवट ली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड भी बढ़ गई है। हालांकि इस धुंध से किसान खुश नजर आ रहे हैं क्योंकि गेहूं की फसल के लिए यह मौसम फायदेमंद माना जा रहा है।
अंबाला में बीते दिन धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली थी, लेकिन आज सुबह शहर पूरी तरह धुंध की चादर में लिपटा नजर आया। धुंध इतनी घनी थी कि विजिबिलिटी जीरो के करीब पहुंच गई। इसका सबसे ज्यादा असर सड़क यातायात पर देखने को मिला। वाहन चालक अपनी गाड़ियों की हेडलाइट जलाकर बेहद धीमी रफ्तार में चलते नजर आए।वाहन चालकों का कहना है कि आमतौर पर जो दूरी 10 मिनट में तय हो जाती है, आज वही दूरी तय करने में आधे घंटे से ज्यादा समय लग रहा है। हालांकि ठंडा मौसम होने के कारण कुछ लोग इस मौसम का आनंद भी लेते नजर आए। आज क्रिसमस डे होने के कारण कई लोगों की छुट्टी है, लेकिन जरूरी काम के चलते लोगों को घर से बाहर निकलना ही पड़ा।
