अम्बाला, 2 मार्च-:होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए अंबाला पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्लान तैयार किया है। पुलिस अधीक्षक अंबाला अजीत सिंह शेखावत ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
करीब 70 स्थानों पर विशेष पुलिस नाके लगाए गए हैं, जहां 800 से अधिक पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा सीआईए की 8 टीमें लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। साइबर क्राइम स्टाफ भी सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भड़काऊ संदेशों पर नजर रखेगा।खुफिया विभाग के कर्मचारी सिविल ड्रेस में भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी तरह की शरारती गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। पीसीआर, राइडर और दुर्गा शक्ति की टीमें भी पूरी तरह सक्रिय रहेंगी।किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लाइन में रिजर्व फोर्स को तैयार रखा गया है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष गश्त और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ होली मनाएं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
