करनाल, 3 मार्च-:करनाल में होली से पहले अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर 32-33 थाना पुलिस ने 90 पेटी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सस्ती शराब को महंगे ब्रांड में भरने का खेल उजागर
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-33 के पीछे फूसगढ़ गांव के पास एक मकान में अवैध रूप से शराब का धंधा चल रहा था। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां से 45 पेटियां सस्ते ब्रांड की भरी हुई शराब और 45 पेटियां महंगे ब्रांड की खाली बोतलें बरामद की गईं।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सस्ती शराब को महंगे ब्रांड की खाली बोतलों में भरकर उन पर लेबल लगाए जा रहे थे, ताकि ग्राहकों को भ्रमित कर ऊंचे दाम वसूले जा सकें।
कम कीमत का लालच देकर की जा रही थी सप्लाई
सूत्रों के मुताबिक, इस अवैध शराब को बाजार में सरकारी ठेकों से कम दाम पर बेचने की तैयारी थी। आशंका है कि इसे होली के मौके पर पार्टियों और आयोजनों में खपाने की योजना बनाई गई थी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
आरोपी फरार, तलाश जारी
छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। सेक्टर 32-33 थाना पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। आबकारी विभाग से भी संपर्क कर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
होली पर अवैध कारोबारियों को सख्त चेतावनी
पुलिस प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि त्योहार के मद्देनजर अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा। इस कार्रवाई को अवैध कारोबारियों के लिए कड़ी चेतावनी माना जा रहा है।
