राष्ट्रीय पदक विजेता मुक्केबाज पूजा रानी को ट्राइडेंट ग्रुप ने मदद का हाथ बढ़ाया, अब नज़रें इंटरनेशनल रिंग पर
पंजाब, चंडीगढ़ , 25 अगस्त 2025
जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को सशक्त बनाने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत, ट्राइडेंट ग्रुप ने चेयरमैन एमेरिटस पद्मश्री राजिंदर गुप्ता के दूरदर्शी नेतृत्व में, भारतीय बॉक्सिंग की उभरती खिलाड़ी पूजा रानी को वित्तीय एवं संस्थागत सहयोग प्रदान किया है। पूजा रानी की यात्रा धैर्य, संकल्प और अटूट जज़्बे का प्रतीक है।
अंडर-19 वर्ग में प्रतिस्पर्धा करने वाली पूजा पंजाब के बरनाला की रहने वाली हैं। गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली पूजा ने शुरुआत में किसी भी तरह की सुविधाओं के बिना बॉक्सिंग सीखी। घर के पास पेड़ से बोरी टांगकर उसे पंचिंग बैग बना लिया और रोज वहीं अभ्यास करती रहीं। संघर्ष से निकली इसी मेहनत ने उन्हें राज्य और नेशनल स्तर पर कई पदक दिलाए।
पूजा रानी ने अपने अब तक के बॉक्सिंग करियर में कई अहम उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने वर्ष 2023 में रांची में आयोजित नेशनल चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद 2025 में छत्तीसगढ़ नेशनल चैम्पियनशिप में रजत पदक अपने नाम किया। राज्य स्तर पर भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है जहाँ पंजाब स्टेट गेम्स (खेड़ां वतन पंजाब दीआं) में उन्होंने दो रजत पदक जीते और फेडरेशन स्टेट चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया।
हालाँकि उनकी उपलब्धियों ने उन्हें पहचान दिलाई, लेकिन आर्थिक तंगी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के उनके अवसरों को सीमित रखा। उनकी क्षमता को पहचानते हुए, ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन एमेरिटस पद्मश्री राजिंदर गुप्ता ने उन्हें ₹1,00,000 का वित्तीय अनुदान प्रदान किया और भविष्य में भी उन्हें समर्थन देने के लिए निरंतर स्पॉन्सरशिप का वचन दिया है।
ट्राइडेंट ग्रुप का मानना है कि प्रतिभा हालात से नहीं, बल्कि मेहनत और हौसले से बनती है। ट्राइडेंट ग्रुप लंबे समय से शिक्षा, खेल और सामाजिक विकास के जरिए जमीनी स्तर पर युवाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है।
ट्राइडेंट ग्रुप के सहयोग से, बरनाला की रहने वाली बॉक्सर पूजा रानी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने और देश का नाम रोशन करने के अपने सपने को साकार करने के लिए तैयार हैं।