Chandigarh,25 August-पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने आज विधानसभा तक मार्च निकालकर “वोट चोरी” के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। विधायकों ने नारे लगाए – “वोट चोर गद्दी छोड़”।
पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी के खुलासे ने साफ कर दिया है कि हरियाणा में कांग्रेस को बहुमत मिलने के बावजूद भाजपा ने सत्ता हथिया ली। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने स्वतंत्र संस्था की तरह काम करने के बजाय भाजपा के इशारे पर फैसले लिए।हुड्डा ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तारीख पहले 1 अक्टूबर तय थी, जिसे अचानक 5 अक्टूबर कर दिया गया। कांग्रेस ने उस समय भी इसका विरोध किया था और आयोग की नीयत पर सवाल उठाए थे। इसके बावजूद अधिकांश एग्जिट पोल कांग्रेस की जीत दिखा रहे थे, लेकिन 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि भाजपा की जीत के लिए सभी इंतज़ाम हो चुके हैं।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि काउंटिंग के दौरान डेटा में कई बार हेरफेर हुई और वोटों में अचानक वृद्धि दिखाई गई।कुछ ईवीएम में 99% बैटरी चार्ज होने की शिकायतें भी उठीं, लेकिन चुनाव आयोग ने इन्हें नजरअंदाज कर दिया। रानियां सीट पर कोर्ट के आदेश के बावजूद दोबारा गिनती न कराकर आयोग ने ईवीएम का डेटा ही डिलीट कर दिया।हुड्डा ने कहा –“राहुल गांधी से हलफनामा मांगने वाले चुनाव आयोग को पहले खुद शपथपत्र देकर यह साफ करना चाहिए कि कहीं भी फर्जी वोटिंग या डुप्लीकेट वोट नहीं डाले गए। अगर आयोग ऐसा लिखकर देता है तो हम अनगिनत सबूत देने के लिए तैयार हैं।आयोग अपनी जिम्मेदारी से भाग रहा है और भाजपा की तरह काम कर रहा है,जो लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है।
