Shimla-हिमाचल प्रदेश में भाजपा द्वारा नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया जारी है। सोमवार को केवल पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने ही नामांकन दाखिल किया,जिसके बाद कांग्रेस ने इस प्रक्रिया को लेकर भाजपा पर तंज कसे हैं।
चुनाव में की गई केवल औपचारिकता
राज्य के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर आंतरिक लोकतंत्र के अभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी केवल लोकतांत्रिक होने का दिखावा कर रही है।उन्होंने कहा,“भाजपा कहती है कि वह लोकतांत्रिक पार्टी है,लेकिन जब प्रदेश अध्यक्ष चुनने की बात आई तो सिर्फ एक ही व्यक्ति ने नामांकन भरा।इससे स्पष्ट है कि चुनाव केवल औपचारिकता भर हैं।”
विक्रमादित्य सिंह ने कटाक्ष करते हुए कहा,“कम से कम दिखावे के लिए ही सही,भाजपा को दो लोगों से नामांकन भरवा देना चाहिए था।एक तो बिंदल थे ही,किसी और को पकड़ कर ले आते।अगर यहां नहीं मिलते तो जो दिल्ली गए थे उन्हें बुला लेते।”उन्होंने कहा कि यह भाजपा का आंतरिक मामला हो सकता है,लेकिन जब पार्टी खुद को लोकतांत्रिक कहती है,तो उसे चुनाव की प्रक्रिया को वास्तविक रूप देना चाहिए।“यह केवल दिखावे का चुनाव है,जहां केवल एक व्यक्ति नामांकन भरता है और बाकी सब पूर्व निर्धारित होता है.
