अंबाला-:हरियाणा के अंबाला में आज अचानक मौसम ने करवट ले ली। घने बादलों की चादर के बीच पहले हल्की और फिर तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हुई। इस बारिश से जहां मौसम सुहावना हो गया, वहीं लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। कई इलाकों में हल्की ओलावृष्टि की भी खबर है।
अंबाला में एक बार फिर मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। दिनभर की गर्मी के बाद आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इस बारिश ने न सिर्फ तापमान को नीचे गिराया बल्कि लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी से भी राहत दी।बताया जा रहा है कि अप्रैल महीने में ही तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच गया था, जिससे हीट वेव जैसी स्थिति बन गई थी और लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया था। हालांकि दो दिन पहले हुई हल्की बूंदाबांदी से तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट आई थी, और आज की तेज बारिश ने मौसम को और भी राहतभरा बना दिया।तेज हवाओं और बारिश से जहां आम लोगों को राहत मिली, वहीं किसानों के लिए भी यह फायदेमंद साबित हो सकती है। खेतों में खड़ी सूरजमुखी और अन्य फसलों को इस बारिश से लाभ मिलेगा। राहत की बात यह भी है कि गेहूं की ज्यादातर फसल पहले ही मंडियों में पहुंच चुकी है, जिससे नुकसान की आशंका कम है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई दिनों से भीषण गर्मी से परेशान थे, लेकिन आज हुई अचानक बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी और मौसम को सुहावना बना दिया।
