Kurukshetra,9 December-:हरियाणा में वोट चोरी के आरोपों को लेकर यूथ कांग्रेस का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है।मंगलवार को यूथ कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कुरुक्षेत्र सेक्टर-3 स्थित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सरकारी आवास का घेराव करने की कोशिश की। कार्यकर्ताओं के बढ़ते विरोध को देखते हुए पुलिस ने भारी सुरक्षा बल तैनात कर बैरिकेड लगाए और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
इस दौरान यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा में बनी यह सरकार जनता की नहीं,बल्कि “साजिश की सरकार” है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने से पहले ही सत्ता में वापसी की तैयारियां कर ली गई थीं,जिससे लोकतंत्र की भावना को ठेस पहुंची है।चिब ने आरोप लगाया कि जनता के मतों से खिलवाड़ कर सत्ता हासिल की गई है और अब जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है।
यूथ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हरियाणा की जनता का जनादेश छीना गया है, इसलिए वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया,लेकिन पुलिस की हस्तक्षेप से स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता के हक की आवाज को दबाने की कोशिश की गई तो वे राज्यभर में आंदोलन तेज करेंगे। फिलहाल उन्होंने विरोध प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा की, लेकिन साफ किया कि “यह लड़ाई लंबी चलेगी और जनता का हक वापस लेकर ही रुकेगी।”
