चंडीगढ़, 23 फरवरी-: फर्जी दस्तावेजों के जरिए अमेरिका भेजे गए पटियाला निवासी विनय प्रताप सिंह को अमेरिकी इमिग्रेशन अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर ही हिरासत में लेकर डिपोर्ट कर दिया। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि उसे पवन सभरवाल नाम से, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) का निवासी दर्शाकर विदेश भेजा गया था। मामले में दिल्ली एयरपोर्ट थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है, जिसकी आंच अब जीरकपुर तक पहुंच गई है।
डिपोर्ट होकर लौटे विनय प्रताप ने पूछताछ में बताया कि एक एजेंट ने फर्जी पासपोर्ट और गलत पते के आधार पर उसके दस्तावेज तैयार कराए। जांच में जीरकपुर निवासी अशोक कुमार का नाम सामने आया है, जिस पर अवैध तरीके से विदेश भेजने के नेटवर्क से जुड़े होने का संदेह है। दिल्ली पुलिस की टीम ने जीरकपुर में दबिश दी और उसके ठिकाने पर नोटिस चस्पा किया है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है।जांच एजेंसियों के अनुसार, अशोक कुमार पहले चंडीगढ़ और बाद में मोहाली सिटी सेंटर में ‘स्काई ट्रेल’ नामक इमिग्रेशन कंपनी संचालित करता था। करीब दो माह पूर्व मोहाली प्रशासन ने अवैध गतिविधियों की आशंका में कार्यालय पर छापा मारकर उसे बंद करा दिया था।
दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि मानव तस्करी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने से संबंधित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए बहु-राज्यीय कड़ियों की जांच की जा रही है.
