पलवल, 23 फरवरी-:पलवल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच पलवल ने बैंक से पैसे निकालने वाले बुजुर्गों को निशाना बनाकर की गई करीब 27 ब्लाइंड लूट की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी मुख्यालय अनिल कुमार ने किया।
डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के निर्देशन में जिला पुलिस लगातार अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार की टीम ने नागल ब्राह्मण गांव निवासी धर्मवीर से नशीला पदार्थ पिलाकर की गई लूट की वारदात को सुलझाते हुए पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया।
शिकायतकर्ता धर्मवीर, जो गुडियर कंपनी से सेवानिवृत्त हैं, ने बताया कि उनका बेटा विदेश में नौकरी करता है और उनके खाते में पैसे भेजता रहता है। हाल ही में खाते में एक लाख रुपये आने के बाद वह अलावलपुर चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 40 हजार रुपये निकालकर लौट रहे थे। इसी दौरान दो युवकों ने उन्हें बातों में उलझाया और पलवल रेलवे स्टेशन की ओर ले गए। वहां जबरन जूस पिलाया गया, जिसमें नशीला पदार्थ मिला था। बेहोश होने के बाद आरोपी नकदी लेकर फरार हो गए। कैंप थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कुरुक्षेत्र निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान फिलहाल जांच के चलते सार्वजनिक नहीं की गई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी बैंक शाखाओं के बाहर रेकी करते थे और विशेष रूप से बुजुर्ग ग्राहकों को निशाना बनाते थे। मौका पाकर उन्हें पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर लूट की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपियों ने कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, अंबाला, कैथल और पंचकूला सहित विभिन्न जिलों में इसी तरह की करीब 27 वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि लूट की रकम की बरामदगी और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की जा सके।डीएसपी अनिल कुमार ने कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में अपराध पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।
