हमीरपुर, अरविंद-:हमीरपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले एक साल के दौरान करीब 100 सांपों को रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगलों में छोड़ा गया है। वाइल्डलाइफ विंग और टेरिटोरियल विभाग की रेस्क्यू टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कई लोगों को सांपों के खतरे से बचाया है। घरों और रिहायशी इलाकों में सांप निकलने की सूचना मिलते ही प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचती है और सांप को सुरक्षित पकड़कर शहर से दूर जंगल में बनाए गए सेफ जोन में छोड़ती है।
रेस्क्यू किए गए सांपों में सबसे अधिक संख्या रसल वाइपर और कोबरा की बताई जा रही है। ये दोनों ही जहरीली प्रजातियां हैं, जिनके रिहायशी इलाकों में पहुंचने से लोगों की जान को खतरा हो सकता है। इनके अलावा कुछ बिना जहर वाले रैट स्नेक भी रेस्क्यू किए गए हैं। विभाग की टीम सांपों को मारने के बजाय सुरक्षित तरीके से पकड़कर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ने का काम कर रही है।सांपों के अलावा विभाग ने पिछले एक साल में करीब 60 अन्य वन्यजीवों को भी रेस्क्यू किया है। इनमें तेंदुआ, कक्कड़, सांभर और उल्लू जैसे वन्यजीव शामिल हैं। रेस्क्यू करवाने के लिए लोग अपने क्षेत्र के वनरक्षक या बीट ऑफिसर से संपर्क कर सकते हैं।विभागीय स्तर पर वन्यजीवों को रेस्क्यू करने की यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क है। वहीं, निजी लोगों से सांप पकड़वाने पर कई बार 5 से 10 हजार रुपये तक वसूल किए जाते हैं। ऐसे में लोगों को सलाह दी जाती है कि वे सांप दिखाई देने पर खुद उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें और वन विभाग की मदद लें।डीएफओ वाइल्डलाइफ रेजिनॉल्ड रॉयस्टन ने बताया कि पिछले वर्ष हमीरपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों से करीब 80 सांपों को रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा गया है। इसके अलावा अन्य वन्यजीवों को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में रेस्क्यू का मुख्य कार्य टेरिटोरियल विभाग की टीम करती है, जबकि सूचना मिलने पर वाइल्डलाइफ विंग की टीम भी सहयोग के लिए पहुंचती है।
