चंबा,मंजुर पठान-:हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी डलहौजी अपनी प्राकृतिक सुंदरता और मनमोहक वादियों के लिए देशभर में मशहूर है। यहां पहुंचने वाले पर्यटक जहां पहाड़ों की खूबसूरती का दीदार करते हैं, वहीं डलहौजी से कुछ किलोमीटर दूर स्थित चमेरा झील भी इन दिनों सैलानियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। झील में बोटिंग का रोमांच और चारों तरफ फैली प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को अपनी ओर खींच रही है। देखिए एक खास रिपोर्ट।
डलहौजी की हसीन वादियों के बीच स्थित चमेरा झील इन दिनों पर्यटकों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बनी हुई है। यहां पहुंचने वाले सैलानी प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की बोटिंग गतिविधियों का भी लुत्फ उठा रहे हैं। मोटर बोट की सवारी हो या झील के शांत पानी में घूमने का अनुभव, हर गतिविधि पर्यटकों के सफर को यादगार बना रही है।चमेरा झील की खूबसूरती देखते ही बनती है। एक ओर ऊंचे-ऊंचे पहाड़ और दूसरी ओर झील का नीला पानी यहां आने वाले हर पर्यटक को मंत्रमुग्ध कर देता है। यही वजह है कि डलहौजी घूमने आने वाले सैलानी चमेरा झील पहुंचना भी अपनी यात्रा का अहम हिस्सा मान रहे हैं। यहां पर्यटक परिवार और दोस्तों के साथ यादगार पल बिताते नजर आ रहे हैं।
गुजरात से घूमने पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि हिमाचल की खूबसूरती बेहद शानदार है। चमेरा झील में बोटिंग करके उन्हें काफी आनंद आया। उनका कहना है कि हर किसी को यहां घूमने जरूर आना चाहिए और यहां के खूबसूरत नजारों का आनंद लेना चाहिए।पर्यटकों का कहना है कि अगर कश्मीर को धरती का स्वर्ग कहा जाता है तो डलहौजी की खूबसूरती भी किसी से कम नहीं है। यहां की शांत वादियां और प्राकृतिक वातावरण हर किसी को आकर्षित करते हैं।
