राहुल चावला,धर्मशाला।हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र सोमवार को धर्मशाला के तपोवन में शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही दिवंगत जनप्रतिनिधियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शुरू हुई। पूर्व विधायक विजय सिंह मनकोटिया और मौजूदा विधायक नंद लाल के निधन पर विधानसभा में शोक प्रस्ताव पेश किया गया। सदन के सभी सदस्यों ने दोनों दिवंगत नेताओं के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार,17 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दी गई।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि इस बार शीतकालीन सत्र के लिए कुल छह बैठकों का एजेंडा निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान प्रदेश से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा होगी और विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सदन में उठाने का पूरा अवसर मिलेगा।
विधायकों के सवाल सरकार को भेजे, जवाब मिलने का सिलसिला जारी
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि विधायकों की ओर से प्राप्त प्रश्नों को सरकार के पास भेज दिया गया है। इन सवालों के जवाब भी मिलने शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां जनप्रतिनिधि आम जनता से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष रखते हैं। छह बैठकों के दौरान प्रदेश के विकास, जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
शोक प्रस्ताव के साथ हुई पहले दिन की शुरुआत
सत्र के पहले दिन सदन में पूर्व विधायक विजय सिंह मनकोटिया और मौजूदा विधायक नंद लाल के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद दोनों दिवंगत जनप्रतिनिधियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शोकाद्गार के बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार तक स्थगित कर दी गई।
दिल्ली रवाना हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू
वहीं, विधानसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू धर्मशाला से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री दिल्ली में सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री मंगलवार को वापस धर्मशाला लौटेंगे और विधानसभा सत्र की आगामी कार्यवाही में हिस्सा लेंगे।फिलहाल शीतकालीन सत्र का पहला दिन दिवंगत जनप्रतिनिधियों को श्रद्धांजलि देने के बाद संपन्न हो गया है। अब मंगलवार को सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होगी। आगामी बैठकों में विधायकों की ओर से उठाए जाने वाले सवालों और प्रदेश के विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सबकी नजरें रहेंगी।
