मंडी, धर्मवीर ( TSN)- गायों की रक्षा करने के लिए गौरक्षक दलों ने पूरे देश में अभियान चला रखा है, लेकिन इस अभियान के चक्कर में अब गाय, भैंस और बकरियों का व्यापार करने वालों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ताजा मामला मंडी जिला के बल्ह में पेश आया है जहां पर बीते 3 अक्तूबर की शाम लगभग आठ बजे ढाबण के रहने वाले पशु व्यापारियों की गाड़ी को कुछ लोगों के द्वारा पुलिस थाना रती के पास रोका गया और फिर उनके साथ मारपीट की गई। मारपीट भी स्थानीय लोगों के द्वारा ही की गई जिसमें जय सिंह निवासी मंदिर टांडा उम्र 33 वर्ष और संदीप कुमार निवासी ढाबण उम्र 27 को चोटें भी आई।
जिला के गाय, भैंस व बकरी व्यापारियों ने प्रशासन से मांगी सुरक्षा
बता दें कि परेशानी का कोई हल न होता देख सोमवार को अपनी समस्या को लेकर लबाणा व्यापारी समूदाय के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल डीसी मंडी अपूर्व देवगन से मिला और उन्हें एक मांग पत्र भी सौंपा। जिसमें बल्ह के पशु व्यापारियों ने जिला प्रशासन से उनकी सुरक्षा के लिए कुछ कदम उठाने का आग्रह किया गया है। मांग मत्र में कहा गया है कि इस पशु व्यापार करने वाले यह लोग कई पीढ़ियों से गाय, भैंस आदि का व्यापार करते आए हैं और इसमें पशुओं की खरीद फरोख्त और ट्रांसपोर्टेशन की जाती है जिसे कुछ शरारती तत्व गौ तस्करी का नाम देकर ऐसे व्यापारियों को परेशान कर रहे हैं। कुछ मामलों मे तो रूपयों की मांग भी की जा रही है। ऐसे में इन लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि यदि कोई ऐसी गाड़ी पकड़ी जाती है तो मारपीट न की जाए और पुलिस प्रशासन को बुलाकर कानूनी कार्यवाही अम्ल में लाई जाए। ग्रामीणों के अनुसार वह पंजीकृत डेयरी से पशुओं को ले जा रहे थे लेकिन फिर भी उनके साथ कुछ लोगों ने बर्बतापूर्ण मारपीट की है जिनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए
