चंडीगढ़-:कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र ने वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान नेताओं ने रामलीला मैदान में आयोजित रैली की सफलता पर जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सभी नेताओं का आभार जताया। साथ ही हरियाणा में अभियान को और तेज करने का ऐलान किया।
राव नरेंद्र ने कहा कि वोट बचाओ-देश बचाओ कार्यक्रम को सफल बनाने में जनता और कांग्रेस के सभी नेताओं का अहम योगदान रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और विधायकों को दिल्ली जाने से रोकने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान का तीसरा चरण 3 नवंबर से 25 नवंबर तक चलेगा,जिसकी शुरुआत लाडवा विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री नायब सैनी के गांव से की जाएगी।उन्होंने कहा कि SIR के मुद्दे और एजेंसियों पर कथित दबाव को लेकर भी चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे,ताकि जनता के बीच जाकर इन मुद्दों को उठाया जा सके।वहीं कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि रामलीला मैदान की रैली आंदोलन का एक पड़ाव थी,मंजिल नहीं।इस आंदोलन की आवाज हर गांव और हर गली तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह किसी एक पार्टी का कार्यक्रम नहीं था,बल्कि इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों के लोगों का भी रोष देखने को मिला।
संजय दत्त ने हरियाणा की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि रामलीला मैदान की गूंज अब चौपाल कार्यक्रमों के माध्यम से हर गली-मोहल्ले तक पहुंचाई जाएगी।उन्होंने बताया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा,कुमारी शैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला भी अलग-अलग चौपाल कार्यक्रमों में शामिल होंगे।चुनाव आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए संजय दत्त ने कहा कि पहले मुख्य न्यायाधीश,प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता वाली समिति मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन में शामिल होती थी,लेकिन मुख्य न्यायाधीश को इस प्रक्रिया से क्यों हटाया गया, इसका जवाब भाजपा को देना चाहिए।उन्होंने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से नाम काटे जाने के मुद्दे को भी उठाया और कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का अधिकार सबसे महत्वपूर्ण है।यदि मतदाता का अधिकार ही छीन लिया जाएगा तो लोकतंत्र कैसे बचेगा?
संजय दत्त ने कहा, “लोकतंत्र बचेगा तो संविधान बचेगा और संविधान बचेगा तो देश बचेगा।”उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में मीडिया अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है और हरियाणा में चौथा स्तंभ बहुत अच्छा काम कर रहा है।
