गुरुग्राम-:दिल्ली-एनसीआर में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर गुरुग्राम पुलिस ने एक और बड़ा प्रहार किया है। क्राइम यूनिट सेक्टर-40 की टीम ने सोहना-गुरुग्राम रोड पर जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी के नजदीक कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के खरगोन से आए दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है।आरोपियों की पहचान दुर्गेश और नरेंद्र के रूप में हुई है।पुलिस ने इनके कब्जे से 8 देसी पिस्टल और 16 मैगजीन बरामद की हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पिछले चार वर्षों से हथियारों की तस्करी में शामिल थे और प्रत्येक डिलीवरी के बदले इन्हें 7 हजार रुपये कमीशन मिलता था।
इस पूरे मामले का खुलासा उस वक्त शुरू हुआ,जब 29 अक्टूबर को गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर-112 बजघेड़ा इलाके से दीपक और राहुल को 5 अवैध पिस्टल और 11 मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया था।पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में हथियारों की सप्लाई के बड़े नेटवर्क का पता चला।इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर मध्य प्रदेश से हथियारों की नई खेप लेकर पहुंचे दुर्गेश और नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पहले गिरफ्तार किए गए बदमाशों को भी हथियार सप्लाई करने की बात स्वीकार की है।पुलिस की अब तक की कार्रवाई में इस अवैध कारोबार से जुड़े चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।इनके कब्जे से कुल 13 अवैध पिस्टल और 27 मैगजीन बरामद की गई हैं। अब गुरुग्राम पुलिस की जांच का दायरा मध्य प्रदेश के खरगोन तक पहुंच गया है।पुलिस की टीमें वहां अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्रियों और इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी हैं। पुलिस का मकसद सिर्फ हथियारों की सप्लाई रोकना नहीं,बल्कि इस पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है।
