शिमला, संजु चौधरी ( TSN)– समोसे पर सीआईडी जांच पर शिमला में शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने समोसा मार्च निकाला और सूक्खु सरकार पर जमकर निशाना साधा। वही भारतीय जनता युवा मोर्चा के इस समोसा मार्च को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मुद्दाविहीन है और भाजपा नेता हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर खराब करने का काम कर रहे हैं.
नरेश चौहान ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा का समोसा मार्च निकालना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश की नकारात्मक पब्लिसिटी हो रही है. राज्य में कई गंभीर मुद्दे हैं, लेकिन भाजपा मुद्दाविहीन राजनीति कर रही है. उन्होंने कहा कि समोसे पर किसी तरह की जांच की कोई आदेश नहीं दिए गए थे. ऐसे में भाजपा नेताओं का दुष्प्रचार करना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने भाजपा को सलाह दी है कि वह विपक्ष की भूमिका जिम्मेदारी के साथ निभाएं.नरेश चौहान ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी का कांग्रेस सरकार के खिलाफ षड्यंत्र है. उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता को भाजपा किया राजनीति पसंद नहीं आ रही है.
प्रदेश के हित के मुद्दे केंद्र सरकार के समक्ष उठाए भाजपा
नरेश चौहान ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भाजपा को हिमाचल प्रदेश के हित के मुद्दे केंद्र सरकार के समक्ष उठाने चाहिए. उन्होंने कहा कि बीजेपी दिशाविहीन है और भाजपा में नेतृत्व की लड़ाई चल रही है. भाजपा में डॉ. राजीव बिंदल, जयराम ठाकुर और अनुराग ठाकुर के बीच सियासत में आगे बढ़ने की लड़ाई है और इन्हें यह भी डर सता रहा है कि कहीं जगत प्रकाश नड्डा इन सबसे आगे न निकल जाएं.
