सुनील, लुधियाना | फिरोजपुर मंडल में इन दिनों बदलियों का गड़बड़झाला चल रहा है। दरअसल 25 मार्च 2025 को रेलवे फिरोजपुर मंडल के अधिकारियों ने 65 रेल कर्मचारियों की periodical बदलियां की थी जो कि कमर्शियल विभाग में काम कर रहे है। इनमें से कुछ कर्मचारी तो मंडल अधिकारियों के आदेशों को मानते हुए अपनी नई तैनाती पर ज्वाइन कर चुके हैं जबकि कुछ कर्मचारी अपनी मनपसंद सीट यानि पुरानी जगह पर ही तैनात हुए बैठे है। पुरानी सीट से उक्त लोगों को इतना लगाव है कि वह उसी सीट पर ही जमे रहने के लिए हर तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। इसमें कई बार फिरोजपुर मंडल के दफ्तर में चक्कर लगाने, नई से नई बहाने बाजी, राजनीतिक और अफसरशाही का दबदबा सहित अन्य कई तर्क सामने आ रहे हैं।
कुछ कर्मचारियों की कई बार हो चुकी बदली, पर रिलीव नहीं हुए
25 मार्च को निकाली गई लिस्ट में अधिकारियों ने यह भी जिक्र किया कि कुछ कर्मचारी ऐसे भी हैं जिनकी पहले भी कई बार बदली की जा चुकी है पर वह रिलीव नहीं हुए। यानी वह कई सालों से पुरानी सीट पर ही जमे बैठे हैं। अब 25 मार्च 2025 को निकाली गई लिस्ट में उनकी फिर से बदली की गई। इस लिस्ट को निकले हुए तकरीबन डेढ़ माह बीत चुका है लेकिन इस लिस्ट में ट्रांसफर हुए रेल कर्मचारी अपना पद नहीं छोड़ रहे। बदली हुई इन कर्मचारियों को रिलीव न करने में मंडल अधिकारियों की मिलीभगत है यां फिर कर्मचारियों का दबदबा। इस बात पर कोई भी अधिकारी कुछ कहने को तैयार नहीं।
