नई दिल्ली | बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और जाने-माने व्यवसायी संजय कपूर का गुरुवार को 53 वर्ष की उम्र में ब्रिटेन में निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह पोलो खेलते समय अचानक दिल का दौरा पड़ने से गिर पड़े, और मौके पर ही उनका देहांत हो गया।
उनके असामयिक निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई। खासतौर पर उनकी एक हालिया इंस्टाग्राम पोस्ट ने लोगों को भावुक कर दिया है। संजय ने निधन से तीन दिन पहले एक ‘मंडे मोटिवेशन’ पोस्ट में लिखा था—“प्रगति के लिए साहसी फैसलों की ज़रूरत होती है, परफेक्ट परिस्थितियों की नहीं… तुम्हारा समय इस धरती पर सीमित है।” इस पोस्ट को अब कई लोग उनके जीवन के प्रति गहरे दृष्टिकोण के रूप में देख रहे हैं।
आखिरी ट्वीट बना लोगों की संवेदना का केंद्र
संजय कपूर ने अपने निधन से लगभग छह घंटे पहले अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे पर एक ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा— “अहमदाबाद में एयर इंडिया की दुखद दुर्घटना की भयावह खबर। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति दे।”
व्यक्तिगत जीवन और परिवार
संजय कपूर ने वर्ष 2003 में करिश्मा कपूर से विवाह किया था। इस रिश्ते से उन्हें दो बच्चे हैं—बेटी समायरा और बेटा कियान। हालांकि, कुछ वर्षों बाद दोनों के बीच अनबन शुरू हुई और 2016 में उनका तलाक हो गया।
बाद में, संजय ने 2017 में मॉडल और उद्यमी प्रिया सचदेव से दूसरी शादी की। इस रिश्ते से उनका एक बेटा अजारियस है। इसके अलावा, उन्होंने प्रिया की पहली शादी से हुई बेटी सफीरा की भी परवरिश की। फिलहाल संजय कपूर के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया चल रही है और अंतिम संस्कार की जानकारी उनके परिजनों द्वारा जल्द साझा की जाएगी।
