राहुल चावला,धर्मशाला-:कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। एयरपोर्ट विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण और प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। प्रशासन की ओर से अब तक करीब 95 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण पूरा कर लिया गया है। वहीं, भूमि अधिग्रहण के लिए निर्धारित 2,580 करोड़ रुपये के कुल अवार्ड में से लगभग 2,400 करोड़ रुपये की राशि प्रभावित परिवारों को आवंटित की जा चुकी है। शेष भुगतान के लिए सरकार से बजट मिलने का इंतजार है।
जिला पर्यटन अधिकारी विनय धीमान के अनुसार, एयरपोर्ट विस्तारीकरण के दायरे में कुल 14 मुहाल शामिल किए गए हैं। इनमें से 11 मुहाल की भूमि का म्यूटेशन पर्यटन विभाग के नाम किया जा चुका है। भूमि अधिग्रहण के कुल अवार्ड में से करीब 175 करोड़ रुपये का भुगतान अभी शेष है।उन्होंने बताया कि पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आरएंडआर) अवार्ड के तहत लगभग 600 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसमें से 310 करोड़ रुपये प्रभावित लाभार्थियों को वितरित किए जा चुके हैं। शेष भुगतान और म्यूटेशन से जुड़ी प्रक्रिया तीन मुहाल में पूरी होनी बाकी है। इसके लिए करीब 300 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि की आवश्यकता है।विनय धीमान ने बताया कि भूमि अधिग्रहण कलेक्टर की ओर से लगभग 100 करोड़ रुपये की मांग सरकार को भेजी गई है। सरकार से बजट उपलब्ध होते ही शेष प्रभावित परिवारों को निर्धारित अवार्ड के अनुसार मुआवजा जारी कर दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण से जुड़ी अधिकांश औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और अब शेष भुगतान तथा म्यूटेशन की प्रक्रिया को पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। इससे एयरपोर्ट विस्तार की आगामी प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।
