Shimla,24 September-प्रदेश में बारिश का कहर थमने के बावजूद हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं।हिमाचल प्रदेश में अब भी 2 राष्ट्रीय राजमार्गों समेत 320 सड़कें बंद पड़ी हैं। वहीं 46 ट्रांसफार्मर ठप हैं और 69 पेयजल योजनाएं प्रभावित चल रही हैं।अब तक प्राकृतिक आपदाओं में 454 लोगों की मौत हो चुकी है,498 लोग घायल हुए हैं और 50 लोग लापता हैं।यह जानकारी राजस्व मंत्री जगत नेगी ने दी।
नेगी ने बताया कि सेब सीज़न के दौरान अब तक 1 करोड़ 90 लाख पेटियां मंडियों तक पहुंच चुकी हैं,जबकि एचपीएमसी (HPMC) ने 60 हजार मीट्रिक टन सेब खरीदा है।भाजपा की ओर से खराब सड़कों के कारण सेब फंसने के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पीति में नॉर्थ पोर्टल के पास सड़क बंद होने से बागवानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा है।चूंकि यह सड़क बीआरओ (BRO) के अधीन आती है,इसलिए भाजपा को राज्य सरकार को दोष देने के बजाय केंद्र से सवाल करना चाहिए।इसके साथ ही नेगी ने जीएसटी को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।उन्होंने कहा कि “भाजपा ने 11 साल तक जीएसटी के नाम पर जनता को लूटा और अब चुनाव नज़दीक आते ही छूट का ढिंढोरा पीटा जा रहा है।पेट्रोल-डीज़ल के दाम भी केंद्र सरकार की नीतियों की देन हैं। कच्चे तेल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर घटीं,लेकिन देश में तेल सस्ता नहीं हुआ।
