ऊना, राकेश -हिमाचल प्रदेश के ऊना में महिला आरक्षण बिल को लेकर भाजपा युवा मोर्चा ने नारी शक्ति वंदन रैली का आयोजन किया। इस रैली का नेतृत्व पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और ऊना सदर से विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने किया। कार्यक्रम में युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रजत राणा की अगुवाई में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और महिला कार्यकर्ता शामिल हुए।
रैली से पहले आयोजित बैठक में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण और बिल के महत्व पर जोर दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया और महिलाओं के अधिकारों के समर्थन में आवाज उठाई।मीडिया से बातचीत में सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को केवल सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी जैसी दो महिलाओं की ही चिंता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी सोच के चलते कांग्रेस ने महिला आरक्षण बिल का विरोध किया।सत्ती ने समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके पर भी हमला करते हुए उन्हें “परिवारवाद से प्रेरित दल” करार दिया और कहा कि ये पार्टियां महिलाओं के व्यापक हितों की बजाय सीमित राजनीतिक सोच से काम करती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
