फरीदाबाद-:केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर के साथ दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया। तीनों नेता इलेक्ट्रिक व्हीकल के जरिए दिल्ली से फरीदाबाद के सेक्टर-65 पहुंचे, जहां उन्होंने जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने वाले प्रस्तावित ग्रीन हाईवे के शुरुआती पॉइंट का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान NHAI अधिकारियों ने प्रोजेक्ट की प्रगति से जुड़ी जानकारी दी। इस मौके पर नितिन गडकरी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रीन हाईवे परियोजना को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। करीब 31 किलोमीटर लंबे इस हाईवे को मई 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। यह परियोजना दिल्ली, फरीदाबाद और जेवर एयरपोर्ट के बीच बेहतर और तेज कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।दौरे के दौरान नितिन गडकरी के काफिले में बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक वाहन और सीएनजी बसें शामिल रहीं। इससे स्वच्छ ऊर्जा और ईंधन बचत को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तेल की खपत कम करने और वैकल्पिक ऊर्जा को अपनाने की अपील के बाद केंद्र और राज्य सरकार के नेता लगातार ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने पर जोर दे रहे हैं।
