अम्बाला -:अंबाला में बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना रोष जताया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी का असर रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है, जिससे लोगों की आर्थिक परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दुष्यंत चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रसोई गैस से लेकर खाद्य वस्तुओं तक हर चीज महंगी हो चुकी है, जबकि युवाओं को रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के नाम पर निराशा हाथ लग रही है। उन्होंने पेपर लीक जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इससे छात्रों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
वहीं शहरी विधायक निर्मल सिंह ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता ने बेहतर शासन और विकास की उम्मीद से सरकार चुनी थी, लेकिन आज लोग महंगाई और बेरोजगारी से परेशान हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि जनता अब सरकार के वादों और हकीकत के बीच का अंतर महसूस कर रही है।प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण करने और आम जनता को राहत देने की मांग की।
