चंडीगढ़-:चंडीगढ़ पुलिस ने विदेशी गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों से जुड़े एक मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच थाना की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्तौल और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।सेक्टर-9 स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी मंजीत शेरोन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर में कैशियर पर हुई फायरिंग की घटना से जुड़े हुए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी गोल्डी ढिल्लों के निर्देश पर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर उनकी योजना विफल कर दी।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान हैप्पी चिब (20),राहुल (24) और वंश शर्मा (19) निवासी सांबा, जम्मू-कश्मीर के रूप में की है।तीनों को अन्य राज्य से गिरफ्तार कर चंडीगढ़ लाया गया।जांच के दौरान पता चला कि हैप्पी चिब के खिलाफ छह, राहुल के खिलाफ दो और वंश शर्मा के खिलाफ चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।पुलिस ने हैप्पी के पास से एक पिस्तौल व दो कारतूस, राहुल के कब्जे से एक पिस्तौल व दो कारतूस तथा वंश शर्मा के पास से पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।बरामद हथियारों में एक विदेशी निर्मित 9 एमएम पिस्तौल और एक .32 बोर पिस्तौल शामिल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनसे गैंग के नेटवर्क तथा अन्य सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
