गुरुग्राम-:गुरुग्राम में बाबा बालकनाथ मंदिर में हुई प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। INLD के राष्ट्रीय महासचिव अभय सिंह चौटाला मौके पर पहुंचे और मंदिर परिसर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की गई और गौशाला से दानपात्र भी ले जाए गए। चौटाला ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध हैं, तो उनकी जांच कर कार्रवाई के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान की जानी चाहिए।
अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि मंदिर और समाधि को नुकसान पहुंचाने की कार्रवाई के पीछे प्रभावशाली लोगों का दबाव हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। साथ ही उन्होंने मंदिर से जुड़े दान और चंदे के मामले में भी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही। चौटाला ने कहा कि धार्मिक स्थल से जुड़े किसी भी विवाद में प्रशासन को सभी पक्षों की बात सुनकर कानून के मुताबिक कार्रवाई करनी चाहिए।मंदिर विवाद को लेकर गांवों में प्रस्तावित महापंचायत की चर्चा भी तेज है। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि यदि ग्रामीण उन्हें महापंचायत में शामिल होने के लिए बुलाते हैं, तो वह वहां पहुंचेंगे। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग दोहराई। फिलहाल विवाद को लेकर प्रशासन की ओर से क्या जवाब सामने आता है, इस पर सभी की नजरें हैं।
