राहुल चावला,धर्मशाला-:हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के चेयरमैन एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में कुछ नया करना उनकी प्राथमिकता है और इसी सोच के तहत धर्मशाला स्थित कश्मीर हाउस में पर्यटन विभाग का मुख्यालय स्थापित किया गया है।उन्होंने कहा कि कांगड़ा को टूरिज्म कैपिटल का दर्जा दिया गया है और अब धर्मशाला से ही पर्यटन गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।
आरएस बाली ने कहा कि प्रदेश में HPTDC के करीब 60 होटल संचालित हैं,जिनसे हजारों लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर नई योजनाएं और सुविधाएं शुरू की जा रही हैं।इसी कड़ी में HPTDC की नई वेबसाइट लॉन्च की गई है,जिसे कोई भी आसानी से उपयोग कर सकेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि वेबसाइट में हिंदी भाषा का विकल्प भी जोड़ा जाए, ताकि हिंदी भाषी पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।उन्होंने बताया कि HPTDC ने अपने होटलों को निजी ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ा है,जिससे बुकिंग प्रक्रिया आसान हुई है।मेक माई ट्रिप समेत निजी कंपनियों के साथ समझौते से निगम को करीब दो करोड़ रुपये की आय हुई है। उन्होंने दावा किया कि निजी कंपनियों से इस प्रकार की आय प्राप्त करने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बना है।
इस अवसर पर HPTDC ने तीन नए सदस्यता कार्ड—प्लैटिनम, गोल्ड और सिल्वर कार्ड—भी लॉन्च किए। प्लैटिनम कार्ड की फीस 99,999 रुपये, गोल्ड कार्ड की फीस 75,000 रुपये तथा सिल्वर कार्ड की फीस 50,000 रुपये निर्धारित की गई है।
आरएस बाली ने बताया कि प्लैटिनम कार्ड तीन वर्ष,गोल्ड कार्ड दो वर्ष और सिल्वर कार्ड एक वर्ष तक वैध रहेगा। कार्डधारकों को HPTDC के सभी होटलों में कमरों पर 50 प्रतिशत तक की छूट और भोजन पर 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी। एक कार्डधारक एक समय में दो कमरों का लाभ ले सकेगा।उन्होंने कहा कि HPTDC ने अपनी आय बढ़ाकर करीब 50 करोड़ रुपये की पुरानी देनदारियों को समाप्त किया है और अपने संसाधनों से कई होटलों का नवीनीकरण भी किया गया है।हालांकि अभी भी कई होटलों के सुधार और कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता है,जिसके लिए प्रदेश सरकार से चर्चा की गई है।
आरएस बाली ने कहा कि पर्यटन विभाग नई सोच और नई कार्यप्रणाली के साथ आगे बढ़ रहा है। HPTDC के सभी कर्मचारियों को नई नीति की जानकारी देने के लिए एडवाइजरी जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि इच्छुक लोग प्रदेश के किसी भी HPTDC होटल में जाकर इन सदस्यता कार्डों को बनवा सकते हैं।
