पलवल-:पलवल में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है।तापमान में गिरावट आने से मौसम सुहावना हो गया है।सबसे ज्यादा खुशी किसानों के चेहरों पर देखने को मिल रही है,क्योंकि इस बारिश को खरीफ फसलों की बुवाई और फसल की बढ़वार के लिए बेहद लाभदायक माना जा रहा है।
हालांकि,लगातार हो रही बारिश का दूसरा पहलू भी सामने आया है। शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों,नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को भी बारिश के बीच अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत हुई।बारिश के कारण नालों का पानी सड़कों पर भर गया,जिससे कई स्थानों पर वाहन धीमी गति से चलते दिखाई दिए। वहीं मौसम सुहावना होने पर कई लोग बारिश का आनंद लेते और भीगते नजर आए।किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश धान,बाजरा, कपास और अन्य खरीफ फसलों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी। यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह संतुलित बारिश होती रही तो कृषि उत्पादन बेहतर रहने की उम्मीद है।
