शिमला,संजू-:सेब सीजन 2026 को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन शिमला ने सेब की ढुलाई के लिए ट्रक, मिनी ट्रक और पिकअप वाहनों की नई परिवहन दरें निर्धारित कर दी हैं। उपायुक्त अनुपम कश्यप द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इन दरों का पालन सभी परिवहन ऑपरेटरों के लिए अनिवार्य होगा।निर्धारित दरों से अधिक शुल्क वसूलने वाले ट्रक, मिनी ट्रक और पिकअप ऑपरेटरों तथा उनकी यूनियनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जारी अधिसूचना के मुताबिक दिल्ली तक सेब ढुलाई के लिए ट्रक एवं अन्य वाहनों का किराया 95 पैसे प्रति किलोमीटर प्रति क्विंटल तय किया गया है। वहीं चंडीगढ़ तक ट्रक और अन्य वाहनों के लिए 1.30 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति क्विंटल की दर निर्धारित की गई है।
स्थानीय स्तर पर पिकअप (चार पहिया) वाहनों के लिए 20 किलोमीटर तक की दूरी पर 2.30 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति क्विंटल तथा 20 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 2.50 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति क्विंटल की दर तय की गई है। इसके अलावा आयशर (टाटा 407) जैसे चार पहिया मालवाहक वाहनों के लिए 1.30 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति क्विंटल का परिवहन शुल्क निर्धारित किया गया है।उपायुक्त अनुपम कश्यप ने स्पष्ट किया कि निर्धारित दरों का उद्देश्य सेब उत्पादकों और परिवहन ऑपरेटरों के बीच पारदर्शिता बनाए रखना तथा किसानों को अनावश्यक आर्थिक बोझ से बचाना है। उन्होंने सभी संबंधित यूनियनों और वाहन संचालकों को निर्देश दिए हैं कि प्रशासन द्वारा तय दरों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। यदि किसी भी स्तर पर निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूला गया तो संबंधित ऑपरेटरों और यूनियनों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
