अंबाला-:अंबाला मंडल की होनहार मुक्केबाज़ एवं भारतीय रेल की CCTC खिलाड़ी शिवानी ने एशियन अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर देश,भारतीय रेल और अंबाला मंडल का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पदक जीतने के बाद अंबाला मंडल में उनका विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक (DRM) विनोद भाटिया एवं स्पोर्ट्स ऑफिसर चंद्रकांत मोंगरे (वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता/टीआरडी) ने शिवानी को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर DRM भाटिया ने कहा कि शिवानी की सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और भारतीय रेल के लिए स्वर्णिम उपलब्धियाँ हासिल करेंगी।स्पोर्ट्स ऑफिसर चंद्रकांत मोंगरे ने कहा कि अंबाला मंडल खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, आवश्यक संसाधन और बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि शिवानी जैसी प्रतिभाए युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं और उनकी उपलब्धिया पूरे मंडल का सम्मान बढ़ाती हैं।सम्मान समारोह के दौरान शिवानी ने भारतीय रेल, अंबाला मंडल, अपने वरिष्ठ अधिकारियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक मेहनत करने तथा देश के लिए बड़े पदक जीतने की प्रेरणा देता है।अंबाला मंडल के खेल परिवार ने शिवानी की इस उल्लेखनीय सफलता पर उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास व्यक्त किया कि वे आगे भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का तिरंगा शान से लहराती रहेंगी।
