चंबा,मंजूर पठान-:हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश अब लोगों के लिए चिंता का कारण बनती जा रही है। चंबा जिले में मंगलवार तड़के हुई मूसलाधार बारिश के चलते जिला मुख्यालय के समीप स्थित सुल्तानपुर वार्ड में अचानक फ्लैश फ्लड की स्थिति बन गई।सुबह करीब तीन बजे नाले में पानी का बहाव अचानक कई गुना बढ़ गया,जिससे आसपास के कई घरों में पानी घुस गया और कई वाहन इसकी चपेट में आ गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात से ही क्षेत्र में लगातार तेज बारिश हो रही थी। पहाड़ियों से भारी मात्रा में पानी और मलबा नालों में आने के कारण पानी का बहाव बेहद तेज हो गया। तेज गर्जना और बहते पानी की आवाज सुनकर लोग समय रहते अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए। लोगों की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया,लेकिन कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। एक जेसीबी मशीन भी तेज बहाव की चपेट में आकर नाले में गिर गई।पहाड़ी क्षेत्रों में मानसून के दौरान इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं।ऊंचाई वाले इलाकों में अचानक होने वाली भारी बारिश के कारण नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है,जिससे फ्लैश फ्लड और भूस्खलन जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे हालात में नालों और नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्क रहने की आवश्यकता होती है।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया है।प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और नदी-नालों के समीप जाने से बचने की अपील की है।
चंबा के उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि सुल्तानपुर वार्ड में फ्लैश फ्लड के कारण कुछ घरों में पानी घुसा है,लेकिन किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही नुकसान का विस्तृत आकलन कर आवश्यक राहत प्रदान की जाएगी।
