शिमला,संजू-:हिमाचल प्रदेश में सड़क,सुरंग,शहरी विकास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को शिमला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं और केंद्र सरकार से स्वीकृत विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी साझा की।उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास से जुड़े मामलों को लगातार केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जा रहा है और इसी उद्देश्य से हाल ही में उन्होंने दिल्ली का दौरा किया था।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। बैठक में हिमाचल प्रदेश में चल रही पुरानी योजनाओं के साथ-साथ नई परियोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान प्रदेश की सड़कों को होने वाले नुकसान और लोगों को पेश आ रही दिक्कतों पर विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।उन्होंने बताया कि कुल्लू जिले के बंजार क्षेत्र में लुहरी-ओट सड़क परियोजना के लिए करीब 25 करोड़ रुपये की डीपीआर केंद्र सरकार को भेजी गई थी, जिसे मंजूरी मिल गई है।इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। इसके अलावा जलोड़ी सुरंग के निर्माण के लिए 1775 करोड़ रुपये की डीपीआर केंद्र सरकार को भेजी गई है।सुरंग के निर्माण से क्षेत्र में वर्षभर बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।लोक निर्माण मंत्री के अनुसार कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां से राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाली परियोजना के लिए 395 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।वहीं,शिमला जिले की महत्वपूर्ण ठियोग-जुब्बल-कोटखाई सड़क के लिए 240 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं।इस सड़क को अपग्रेड किया जाएगा। इससे सेब उत्पादक क्षेत्रों के बागवानों को अपनी फसल कम समय में मंडियों तक पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है।विक्रमादित्य सिंह ने इसके लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ के नजदीक बद्दी क्षेत्र में हीम चंडीगढ़ शहर विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए जल्द ही डीपीआर केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। शिमला सब्जी मंडी के आधुनिकीकरण पर करीब 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके पहले चरण में 150 करोड़ रुपये के कार्य शुरू किए जाएंगे।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अमृत योजना के तहत प्रदेश की 31 लोकल बॉडीज में भी विकास कार्य किए जा रहे हैं।सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आधुनिक मशीनरी का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा मनाली में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि केंद्र के ग्रामीण विकास मंत्रालय के माध्यम से भी प्रदेश में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं और राज्य सरकार का लक्ष्य सभी क्षेत्रों का समान विकास सुनिश्चित करना है।मानसून को लेकर उन्होंने कहा कि इस वर्ष अभी तक बारिश से सड़कों को अपेक्षाकृत कम नुकसान हुआ है।सरकार का प्रयास है कि बारिश के कारण यदि कहीं सड़क बंद होती है तो उसे 24 घंटे के भीतर बहाल किया जाए।
दिल्ली दौरे के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल से मुलाकात को लेकर उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने सहित प्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। धर्मशाला से भाजपा नेता सुधीर शर्मा के बयान पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन बयान देते समय सभी को अपनी मर्यादा और सीमाओं का ध्यान रखना चाहिए।वहीं,15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल नहीं होने के सवाल पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि व्यक्तिगत कारणों के चलते वह इस कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाएंगे।उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं सरकार से अनुरोध किया था कि इस बार स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के लिए उनकी ड्यूटी न लगाई जाए।
